चिड़ावा, 11 अक्टूबर 2024: दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर चिड़ावा स्थित लोहिया पब्लिक स्कूल में गरबा एवं डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं द्वारा विद्यालय प्रांगण में किया गया। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना तथा विद्यार्थियों और स्टाफ को एकसाथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सम्मिलित करना था।
इस अवसर पर संस्था चेयरमैन राम सिंह नेहरा, निर्देशक जगपाल सिंह यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय सिंह बडेसरा, सचिव प्रदीप नेहरा, चेयरपर्सन ममता नेहरा, प्रिंसिपल प्रमोदिनी दुबे, प्रधानाचार्या प्रमिला झाझड़िया, कोऑर्डिनेटर प्रदीप शर्मा, पूरणमल गजराज और प्रदीप सोनी आदि ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा अर्चना के साथ गरबा एवं डांडिया महोत्सव का शुभारंभ किया।
महिला शिक्षिकाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां
इस मौके पर विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके उत्साह और समर्पण से प्रांगण में एक सांस्कृतिक माहौल बन गया। पारंपरिक पोशाकों में सजी शिक्षिकाओं ने गरबा नृत्य के साथ-साथ डांडिया नृत्य में भी खूब आनंद लिया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
विडियो देखें:
समापन एवं आरती
कार्यक्रम के अंत में मां भगवती की आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने मिलकर मां दुर्गा की पूजा की। इसके पश्चात प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।