झुंझुनूं: निजामपुरा। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) ओजटू के वरिष्ठ अध्यापक गजपाल सिंह को शिक्षक दिवस (5 सितंबर 2025) पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। इस उपलक्ष्य में विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
स्वागत समारोह विद्यालय स्टाफ व ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें एसीबीईओ (शिक्षा अधिकारी) सुरेश कुमार पायल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि गजपाल सिंह ने अपनी कर्मठता और परिश्रम से यह गौरव हासिल किया है और पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल बने हैं।
विद्यालय प्रधानाध्यापिका निर्मला तोलियानी ने भी कहा कि गजपाल सिंह के प्रयासों से विद्यालय में शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार हुआ है। वहीं पूर्व सरपंच शंकरलाल डांगी और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके योगदान को सराहा।
विशिष्ट अतिथि प्राचार्य महेंद्र वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आज मॉडल स्कूल की श्रेणी में खड़ा है और इसका श्रेय गजपाल सिंह जैसे समर्पित शिक्षकों को जाता है।
कार्यक्रम के अंत में कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गजपाल सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि विद्यालय के स्टाफ, विद्यार्थियों और पूरे गांव की उपलब्धि है।