राजस्थान चुनाव 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा। इसी बीच सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा मुझे यकीन है इस बार हमारी सरकार फिर से वापस आएगी। इस जवाब में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सीएम अशोक गहलोत को कड़ा जवाब देते हुए कहा कि 2013 में जब भाजपा को 163 सीट मिली थी और कांग्रेस 21 पर सिमट गई थी, तब भी उन्हें (अशोक गहलोत) करंट का स्पंदन महसूस हुआ था। तब वे यह भांप नहीं पाए थे कि वे जो स्पंदन महसूस कर रहे थे, वह उनकी सरकार को हटाने की सुनामी थी। अभी भी ऐसी ही स्थिति है।’ दरअसल, शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव पर सीएम अशोक गहलोत ने बयान देते हुए कहा था कि, राजस्थान में कांग्रेस की लहर चल रही है ये मैं महसूस कर रहा हूं। मैं अपील यही करना चाहता हूं कि सभी मतदान ज्यादा करें। मुझे यकीन है इस बार हमारी सरकार फिर से वापस आएगी।’
बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शनिवार को होगा जिसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य में 200 में से 199 सीटों पर मतदान हो रहा है जहां 5.25 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार मतदान करवाने के लिए पौने तीन लाख से अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस व मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी में माना जा रहा है जहां इन दोनों पार्टियों के नेताओं का आक्रामक चुनाव प्रचार बृहस्पतिवार शाम थम गया। इसके बाद प्रत्याशियों ने घर घर जाकर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास किया।
राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं। करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन 199 सीटों पर 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 5,25,38,105 है। इनमें 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता शामिल हैं, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए मतदाता शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदान शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर से इस बार भी अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे नेताओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्री शांति धारीवाल, बीडी कल्ला, भंवर सिंह भाटी, सालेह मोहम्मद, ममता भूपेश, प्रताप सिंह खाचरियावास, राजेंद्र यादव, शकुंतला रावत, उदय लाल आंजना, महेंद्रजीत सिंह मालवीय तथा अशोक चांदना व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शामिल हैं। वहीं भाजपा के प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया तथा सांसद दीया कुमारी, राज्यवर्धन राठौड़, बाबा बालकनाथ व किरोड़ी लाल मीणा मैदान हैं।भाजपा ने कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा छह सांसदों और एक राज्यसभा सदस्य सहित 59 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने सात निर्दलीय विधायकों और एक भाजपा विधायक-शोभारानी कुशवाह, जिन्हें पिछले साल भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था, सहित 97 विधायकों को मैदान में उतारा है।
स्त्रोत – Live Hindustan न्यूज़