राजस्थान करणपुर सीट परिणाम: राजस्थान की करणपुर विधानसभा सीट पर आज वोटों की गिनती चल रही है। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती चल रही है। भले ही नतीजा एक ही सीट का सामने आ रहा हो, लेकिन इसको लेकर दिलचस्पी काफी ज्यादा है। 3 दिसंबर को 199 सीटों पर वोटों की गिनती में बहुमत हासिल करने वाली भाजपा अपने कुल आंकड़े में और इजाफा करेगी या फिर कांग्रेस उसे झटका देगी, यह आज तय हो जाएगा। 5 जनवरी को यहां कुल 81.38 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ, जिसका परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किया गया। परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 115 और कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं। करणपुर गंगानगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। यहां भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी उम्मीदवार हैं तो कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रुपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 30 दिसंबर को बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में शामिल कर लिया।
Live Result-
रुपिंदर सिंह की बढ़त 12वें राउंड तक कायम
रुपिंदर सिंह की बढ़त 12वें राउंड तक बढ़कर 7900 हो चुकी है। कुल 18 राउंड की काउंटिंग होनी है।
लगातार आगे चल रही कांग्रेस
कांग्रेस उम्मीदवार रुपिंदर सिंह लगातार बढ़त हासिल कर रहे हैं। 10वें राउंड के बाद रूबी कुन्नर 5000+ वोटों से आगे निकले तो छठे राउंड तक उनकी बढ़त 6356 वोट तक पहुंच गई।
छठे राउंड तक कांग्रेस 2442 वोटों से आगे
श्रीकरणपुर विधानसभा चुनाव में छठे राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस के रूपिंदर सिंह कुन्नर 2442 वोटों से आगे निकले।
तीसरे राउंड में फिर कांग्रेस को बढ़त
तीसरे राउंड में भी कांग्रेस भाजपा से आगे रही। कांग्रेस उम्मीदवार को तीसरे राउंड में 4280 और भाजपा उम्मीदवार को 3834 वोट मिले।
दूसरे राउंड में कांग्रेस ने बनाई बढ़त
दूसरे राउंड में भाजपा को 5360 वोट मिले। कांग्रेस ने 6268 वोट हासिल किए।
पहल राउंड में भाजपा को बढ़त
पहले राउंड में भाजपा के सुरेंद्रपाल सिंह को 5122 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के रुपिंदर सिंह को 4398 वोट हासिल हुए।