नई दिल्ली, 20 जुलाई 2024: यूपीएससी परीक्षा के लिए चयनित ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के फर्जी सर्टिफिकेट विवाद के बाद यूपीएससी की सर्टिफिकेट प्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है और कई सवाल खड़े किए हैं। प्रियंका गांधी ने शनिवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ट्वीट कर इस मामले में सरकार को आड़े हाथों लिया।
प्रियंका गांधी का ट्वीट और सवाल
प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, “यूपीएससी देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा है और इस परीक्षा को पास करने वाले लोग शासन व्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति होते हैं। देश के करोड़ों लोगों का भरोसा और हमारे रोजमर्रा के शासन-प्रशासन का कामकाज इस संस्था की पेशेवर प्रणाली से जुड़ा है।”
उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी को चौंकाने वाला बताया और कहा, “मैंने खुद देखा है कि इस परीक्षा के लिए युवा कितनी मेहनत, आंखों में ढेर सारे सपने लिए और दिल में लगन के साथ तैयारियां करते हैं। यूपीएससी परीक्षा की प्रक्रियाओं में गड़बड़ी की खबरें बहुत हैरान करने वाली हैं। इस महत्वपूर्ण चयन प्रक्रिया में हुई एक भी गड़बड़ी बड़े सवाल खड़े करती है और लाखों युवाओं के सपनों और उनके विश्वास पर चोट करती है।”
परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग
प्रियंका गांधी ने यूपीएससी परीक्षा की प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि इन सवालों का जवाब जनता और यूपीएससी की तैयारी करने वाले युवाओं को मिले:
- राजनीतिक नियुक्तियों की जिम्मेदारी: क्या इसके लिए यूपीएससी के उच्च पदों पर राजनीतिक नियुक्तियों से आए लोग जिम्मेदार हैं? यदि हां, तो उन पर कार्रवाई कब की जाएगी?
- सतही जांच पर सवाल: जिस सिस्टम में एक-एक नंबर के चलते उच्च स्तर का कम्पटीशन होता है, उसमें क्या केवल सतही तौर पर जांच करके पल्ला झाड़ना उचित है?
- सर्टिफिकेट जांच प्रणाली: नकली सर्टिफिकेट का सिस्टम SC, ST, OBC, विकलांग और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को मिलने वाले मौके पर चोट करता है। क्या सर्टिफिकेट जांचने की कोई ठोस संस्थागत प्रणाली विकसित नहीं की जा सकती?
- पारदर्शिता और प्रामाणिकता: यूपीएससी प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व प्रामाणिक बनाने के लिए बदलावों की सख्त जरूरत है, क्या इस पर विचार नहीं किया जाना चाहिए?
प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि यूपीएससी से जुड़े सवाल इस देश के शासन-प्रशासन के प्रति भरोसे और हमारे करोड़ों युवाओं के सपनों से जुड़े सवाल हैं। इस पर सरकार से जवाब आना जरूरी है।