झुंझुनू, 25 जुलाई 2024: सूरजगढ़ तहसील क्षेत्र के डांगर गांव के सितेंद्र सिंह सांखला का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव लाया गया। भारतीय नौसेना के वाॅरशिप पर हुए हादसे में सितेंद्र सिंह शहीद हो गए थे।
आपको बता दें कि 21 जुलाई को मुम्बई (महाराष्ट्र) के नेवी डॉकयार्ड में मेंटेनेंस के लिए खड़े आईएनएस ब्रह्मपुत्र में आग लग गई थी। अधिकारियों के अनुसार मल्टी रोल फ्रिगेट नेवल डॉकयार्ड में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
नौसेना की ओर से जारी बयान में बताया गया था कि इस हादसे के बाद से एक जूनियर नाविक लापता है, और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं। लीडिंग सीमैन सितेंद्र सिंह का शव बुधवार को गहन गोताखोरी अभियान के बाद बरामद किया गया था।

मुम्बई में शहीद हुए सितेंद्र सिंह सांखला का अन्तिम संस्कार सैनिक सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव डांगर में किया जाएगा। शहीद के सम्मान में लाखू आईटीआई से उनके गांव डांगर तक तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी। तिरंगा यात्रा अडूका, डालमियों की ढाणी, चिड़ावा कबूतर खाना – नया बस स्टैण्ड – रेल्वे स्टेशन होते हुए उनके पैतृक गांव डांगर पहुंचेगी। गांव में शहीद सितेंद्र सिंह सांखला के परिवार की कृषि भूमि पर ही उनका अन्तिम संस्कार किया जाएगा।





