महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 की मतगणना आज 23 नवंबर को शुरू हो चुकी है। 20 नवंबर को हुए मतदान में 288 सीटों पर 4,136 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई थी। चुनाव परिणाम महायुति और महाविकास अघाड़ी गठबंधन के कई प्रमुख नेताओं की राजनीतिक स्थिति का फैसला करेंगे। आइए जानते हैं महाराष्ट्र की 10 प्रमुख सीटों पर दिग्गजों के बीच मुकाबले का हाल।
1. कोपरी-पाचपाखाड़ी (ठाणे): सीएम एकनाथ शिंदे बनाम केदार दिघे
ठाणे की कोपरी-पाचपाखाड़ी सीट पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का मुकाबला उनके राजनीतिक गुरु दिवंगत शिवसेना नेता आनंद दिघे के भतीजे केदार दिघे से है। केदार, शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार हैं।
2019 में शिंदे ने इस सीट पर कांग्रेस के पांडुरंग घाडीगांवकर को 89,300 वोटों से हराया था। अब तक के रुझानों के अनुसार, एकनाथ शिंदे बढ़त बनाए हुए हैं।
2. नागपुर साउथ वेस्ट: देवेंद्र फडणवीस बनाम प्रफुल्ल गुडधे
नागपुर साउथ वेस्ट सीट पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार चौथी बार मैदान में हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रफुल्ल गुडधे (पाटिल) से है। 2019 में फडणवीस ने कांग्रेस के आशीष देशमुख को 49,344 वोटों से हराया था।
अभी तक के रुझानों में फडणवीस आगे चल रहे हैं।
3. बारामती: अजित पवार बनाम युगेंद्र पवार
पुणे जिले की बारामती सीट, जो पवार परिवार का गढ़ मानी जाती है, पर अजित पवार का मुकाबला उनके भतीजे युगेंद्र पवार से है। 2019 में अजित पवार ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की थी।
चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, अजित पवार आगे चल रहे हैं।
4. साकोली: नाना पटोले बनाम अविनाश ब्राह्मणकर
भंडारा जिले की साकोली सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का मुकाबला भाजपा के अविनाश ब्राह्मणकर से है। 2019 में पटोले ने भाजपा के डॉ. परिणय फुके को हराया था।
अब तक के रुझानों में नाना पटोले बढ़त बनाए हुए हैं।
5. वर्ली: आदित्य ठाकरे बनाम मिलिंद देवड़ा और संदीप देशपांडे
मुंबई की वर्ली सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। शिवसेना (यूटीबी) के आदित्य ठाकरे का सामना शिवसेना (शिंदे) के मिलिंद देवड़ा और एमएनएस के संदीप देशपांडे से है।
रुझानों के अनुसार, आदित्य ठाकरे आगे चल रहे हैं।
6. संगमनेर: बालासाहेब थोराट बनाम अमोल खताल
संगमनेर सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट का सामना शिवसेना (शिंदे) के युवा नेता अमोल खताल से है।
रुझानों में बालासाहेब थोराट आगे चल रहे हैं।
7. लातूर: अमित देशमुख बनाम अर्चना पाटिल
लातूर सीट पर कांग्रेस के अमित देशमुख और भाजपा की अर्चना पाटिल के बीच मुकाबला हुआ। अमित देशमुख, पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे हैं।
अभी तक के रुझानों में अमित देशमुख बढ़त पर हैं।
8. बांद्रा ईस्ट: जीशान सिद्दीकी बनाम वरुण सरदेसाई
बांद्रा ईस्ट सीट पर कांग्रेस से एनसीपी में गए जीशान सिद्दीकी और शिवसेना (यूटीबी) के वरुण सरदेसाई के बीच मुकाबला है।
रुझानों में वरुण सरदेसाई बढ़त बनाए हुए हैं।
9. अणुशक्ति नगर: सना मलिक बनाम फहाद अहमद
अणुशक्ति नगर सीट पर एनसीपी की सना मलिक और शरद पवार के करीबी फहाद अहमद के बीच टक्कर है।
अब तक के रुझानों में फहाद अहमद आगे चल रहे हैं।
10. दिंडोशी: संजय निरुपम बनाम सुनील प्रभु
मुंबई की दिंडोशी सीट पर शिवसेना (शिंदे) के संजय निरुपम और शिवसेना (यूटीबी) के सुनील प्रभु के बीच मुकाबला है।
रुझानों के अनुसार, सुनील प्रभु बढ़त बनाए हुए हैं।