मण्ड्रेला: थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच करते हुए संदिग्ध बैंक खाते से लेनदेन करने वाले युवक को हिरासत में लिया और शांति भंग में गिरफ्तार किया।
झुंझुनूं जिले के मण्ड्रेला थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस टीम ने वार्ड 24 निवासी समीर रफीक को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक के बैंक खाते में संदिग्ध राशि मिलने और पूछताछ के दौरान स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर उसे हिरासत में लिया गया।
साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने आरोपी समीर रफीक तक पहुंच बनाई। जब पुलिस ने उससे उसके खाते में आए पैसों के स्रोत, लेनदेन और संपर्कों को लेकर जानकारी मांगी, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसी दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने और व्यवहार आक्रामक होने पर पुलिस ने शांति भंग की आशंका में गिरफ्तारी की।
जांच टीम का नेतृत्व कैलाशचंद ने किया, जबकि उनके साथ नरेंद्र और दलीप कुमार भी शामिल रहे। टीम ने मौके पर जाकर आरोपी को दस्तयाब किया और फिर आगे की कार्रवाई पूरी की। अधिकारियों का कहना है कि खाते और मोबाइल से जुड़े डाटा की तकनीकी जांच की जा रही है और साइबर अपराध की पूरी कड़ी सामने लाई जाएगी।
पुलिस का दावा है कि मामला केवल एक संदिग्ध खाते का नहीं है, बल्कि इस नेटवर्क में और भी नाम सामने आ सकते हैं। साइबर अपराध संबंधी सभी शिकायतों को तेज गति से निपटाया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते या डिजिटल पेमेंट के संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत शिकायत करें।





