मण्डावा: थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म की गंभीर घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया गया।
परिवादी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, विकास कुमार और रोहिताश उर्फ रोहित ने उसकी नाबालिग बेटी को स्कूल के सामने से वाहन में जबरन बैठाया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर विकास कुमार ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद पीड़िता को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने विकास कुमार पुत्र हरचन्द, उम्र 24 वर्ष, निवासी भूतिया बास थाना धनुरी जिला झुंझुनूं तथा रोहिताश उर्फ रोहित पुत्र राजेन्द्र सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी कोलिण्डा थाना धनूरी जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की अनुसंधान प्रक्रिया चल रही है।
इस कार्रवाई में थाना अधिकारी रामनारायण चोयल के साथ मुलायम सिंह, महेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र कुमार और संदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम ने समन्वित प्रयासों से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित पक्ष को राहत पहुंचाई।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में वृताधिकारी ग्रामीण हरीसिंह धायल के सुपरविजन में मण्डावा थाना अधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।





