Wednesday, June 18, 2025
Homeझुन्झुनूमणिपुर में तैनात 2 महार रेजिमेंट के जवान विनोद सिंह का कल...

मणिपुर में तैनात 2 महार रेजिमेंट के जवान विनोद सिंह का कल काजड़ा में होगा सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, 5 किलोमीटर लम्बी तिरंगा रैली निकाली जाएगी

काजड़ा, 25 नवम्बर 2024: मणिपुर में तैनात भारतीय सेना के जवान हवलदार विनोद सिंह शेखावत का कल काजड़ा में सैन्य सम्मान के साथ अन्तिम संस्कार किया जाएगा। शहीद के सम्मान में सूरजगढ़ से काजड़ा तक तिरंगा रैली भी निकाली जाएगी। गांव के लाड़ले की शहादत का समाचार मिलने के बाद से ही माहौल बेहद गमगीन है।

बता दें कि भारतीय सेना की इन्फैंट्री बटालियन की 2 महार रेजिमेंट के जवान हवलदार विनोद सिंह शेखावत को 23 नवम्बर को रात 11:40 बजे सर्विलांस ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य सम्बन्धी परेशानी की वजह से राजधानी इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट ले जाया गया था, जहां 24 नवम्बर को तड़के 2:30 बजे उनका निधन हो गया। आर्मी ने जवान की मौत को बैटल कैज्युअल्टी मानते हुए शहीद का दर्जा दिया है। मंगलवार को उनके पैतृक गांव काजड़ा में शहीद विनोद सिंह शेखावत के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अन्तिम संस्कार किया जाएगा।

जुलाई में ही जयपुर शिफ्ट हुआ था परिवार

शहीद विनोद सिंह शेखावत की बड़ी बेटी नैंसी 11वीं कक्षा, छोटी बेटी खुशी 9वीं कक्षा तथा सबसे छोटा बेटा राज्यवर्धन सिंह शेखावत 6ठी कक्षा में अध्ययनरत हैं। नैंसी ने काजड़ा से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसके बाद जुलाई से पहले तीनों बच्चे अपनी मां वीरांगना सुमन कंवर के साथ आगे की पढ़ाई के लिए जयपुर शिफ्ट हो गए थे। शहीद के माता-पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है। गांव में उनके 4 भाई अपने परिवारों के साथ रहते हैं।

मंगलवार सुबह सड़क मार्ग से काजड़ा लाया जाएगा शहीद का शव

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (चिड़ावा) कर्नल सुरेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि शहीद की पार्थिव देह आज शाम 7:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट लाई जाएगी जहां सेना की युनिट द्वारा ड्रिल की जाएगी। बाद में शहीद के शव को जयपुर स्थित आर्मी हॉस्पिटल ले जाया जाएगा। मंगलवार 26 नवम्बर को को सुबह सड़क मार्ग से शहीद विनोद सिंह शेखावत की पार्थिव देह को सेना के विशेष वाहन से जयपुर से उनके पैतृक गांव काजड़ा लाया जाएगा जहां पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ उनका अन्तिम संस्कार होगा। कर्नल सुरेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि सुबह लगभग 5.30 बजे मिलिट्री हॉस्पिटल से सेना के विशेष वाहन से शहीद की पार्थिव देह के साथ जवान काजड़ा के लिए रवाना होंगे। यात्रा में लगभग 4 घंटे लगने का अनुमान है।

5 किमी लम्बी तिरंगा रैली निकाली जाएगी

शहीद विनोद सिंह शेखावत के सम्मान में सूरजगढ़ से काजड़ा तक 5 किलोमीटर लम्बी तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा रैली का नेतृत्व फौजी दिनेश सहारण द्वारा किया जाएगा। फौजी दिनेश सहारण ने सुबह 10 बजे तक सूरजगढ़ थाने के पास पहुंचने का संदेश तिरंगा रैली में शामिल होने वाले युवाओं को दिया है।

अन्तिम संस्कार के लिए तैयारियां जारी

शहीद विनोद सिंह शेखावत के अन्तिम संस्कार में बड़ी संख्या में वीआईपी मूवमेंट की सूचना मिल रही है। जन प्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के आगमन को देखते हुए ग्राम पंचायत व प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश कुमार जांगिड़ से बात कर अन्तिम संस्कार से सम्बन्धित कार्यक्रम की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उधर काजड़ा गांव में ग्राम पंचायत द्वारा अन्तिम संस्कार के दौरान जरूरी इंतजामात को लेकर एक मीटिंग का आयोजन किया गया। बाद में सरपंच मंजू तंवर ने ग्राम विकास अधिकारी कपिल कुमार, पटवारी बृजमोहन, विजय सिंह शेखावत, किशन सिंह शेखावत, भाल सिंह शेखावत, रमेश गुर्जर, शंभू सिंह, प्यारेलाल मिस्त्री, रोशन लाल मिस्त्री, धर्मेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, कंवरपाल सिंह, संदीप शेखावत अन्य ग्रामवासियों के साथ अन्तिम यात्रा के मार्ग व अन्त्येष्टि स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आम रास्तों की ट्रैक्टर व जेसीबी से सफाई भी करवाई गई।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!