झुंझुनूं: जिले की पचेरी कलां पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक से 3.96 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी विजय सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गहन जांच के बाद कार्रवाई की।
मजदूर उपलब्ध करवाने के नाम पर किया था धोखा
झुंझुनूं। पचेरी कलां थाना पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक से मजदूर उपलब्ध करवाने के नाम पर 3,96,000 रुपए की ठगी करने वाले आरोपी विजय सिंह निवासी जहाज (उदयपुरवाटी) को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत और वृताधिकारी नोपाराम भाकर के सुपरविजन में की गई।
इस तरह हुआ था धोखाधड़ी का खेल
3 मई 2025 को परिवादी विक्रम सिंह पुत्र फुसाराम, निवासी पथाना, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी विजय सिंह उसके पास ईंट भट्ठे पर मजदूर उपलब्ध करवाने के बहाने आया। उस पर भरोसा करते हुए उसने 3,96,000 रुपए दे दिए, लेकिन आरोपी ने न तो मजदूर दिए और न ही पैसे लौटाए। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की तत्परता से पकड़ा गया आरोपी
थानाधिकारी राजपाल के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी विजय सिंह पुत्र संतलाल, उम्र 45 वर्ष, जाति बलाई, निवासी जहाज (थाना उदयपुरवाटी) को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पूछताछ जारी
टीम ने आरोपी से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ठगी से जुड़ी अन्य संभावित घटनाओं और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी से आगे की पूछताछ के बाद और खुलासे होने की संभावना है।
टीम का गठन और भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजपाल, नरेश कुमार और सुनील ने प्रमुख भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि आर्थिक अपराधों पर त्वरित कार्रवाई से लोगों का विश्वास बढ़ेगा।





