झुंझुनू: जिले के मंड्रेला कस्बे में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बुडानिया गांव के 25 वर्षीय युवक शुभम मेघवाल ने बुधवार की रात अपने ही घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार और ग्रामीणों में गहरा दुख फैल गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
खाना खाने के बाद कमरे में गया था शुभम
जानकारी के अनुसार हवासिंह मेघवाल का सबसे छोटा बेटा शुभम बुधवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
सीएचसी मंड्रेला में डॉक्टर प्रदीप कुमार शर्मा की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। शुभम चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और गांव में उसकी अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे कारण
थाने में मृतक के ताऊ रामजीलाल ने मृग दर्ज करवाई है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। परिवार का कहना है कि घर में किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था, ऐसे में पुलिस को गहराई से जांच करनी होगी।





