झुंझुनू, 13 नवम्बर: राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक, संयुक्त निदेशक तथा उप निदेशक स्तर के 47 अधिकारियों के पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। इसी क्रम में झुंझुनू मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक, समसा (झुंझुनू) के पद पर अशोक कुमार शर्मा को पदस्थापन दिया गया है। अशोक कुमार शर्मा वर्तमान में मंडावा ब्लॉक के सीबीईओ पद पर कार्यरत हैं।
झुंझुनू मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किए जाने पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की शिक्षा विभाग की समस्त योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों व अभिभावकों की अपेक्षा पर खरा उतरते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के साथ विद्यालयों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अशोक कुमार शर्मा शिक्षा विभाग में जिले के नवाचार में अग्रणी रहने वाले अधिकारी के तौर पर जाने जाते हैं। वे मूल रूप से मुकुंदगढ़ के निवासी हैं। भामाशाहों के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों में अब तक 1 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य करवा चुके हैं।
शिक्षा विभाग में अब तक का सफर
1990 : व्याख्याता (वाणिज्य) चयनित, सेठ गजाधर जयपुरिया उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवलगढ़ में प्रथम नियुक्ति
1997 : प्रधानाध्यापक (माध्यमिक विद्यालय, चूरू)
2009 : प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति
2021 : सीबीईओ/जिशिअ नवलगढ़ ब्लॉक तथा मई, 2025 से मंडावा ब्लॉक के सीबीईओ पद पर कार्यरत
अशोक कुमार शर्मा को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक, समसा (झुंझुनू) के पद पर नियुक्त किए जाने पर शिक्षा विभाग से जुड़े समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रबुद्धजनों द्वारा बनाई व शुभकामनाएं दिए जाने का सिलसिला जारी है।





