चिड़ावा: शहर में एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल के तहत भगतो का मोहल्ला रक्तदान शिविर की भावनाओं से गूंज उठा, जहां बेटी के जन्मोत्सव को सेवा और मानवता से जोड़ा गया। तन्वी के जन्मदिन पर आयोजित इस रक्तदान कार्यक्रम में मोहल्ला वासियों, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संदेश को मजबूती दी।
चिड़ावा शहर के भगतो का मोहल्ला में बेटी तन्वी के जन्मोत्सव को समाजसेवा से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। तन्वी पौत्री बाबूलाल और संतोष देवी तथा पुत्री जितेंद्र भगत के जन्मदिन पर लगाए गए इस शिविर ने पूरे क्षेत्र में प्रेरणादायक संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में मोहल्ले के लोगों, रिश्तेदारों और मित्र मंडली ने उत्साह के साथ भाग लिया। रक्तदाताओं में पंकज भगत, विनोद भगत, वीरसिंह, विजय कुमार, नदीम राठौड़, कुनाल भगत, निखिल भगत, विक्रम सिंह, योगेश भगत, जयसिंह भगत, पवन नायक, प्रदीप पूनिया, नितेश पायल, कर्मपाल, जयवीर, सरजीत, राकेश, राहुल और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
रक्तदान शिविर में भाजपा नेता राजेश दहिया पहुंचे और इस अनोखी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की मदद के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं और बेटी के जन्मदिन पर किया गया यह आयोजन एक सकारात्मक सामाजिक संदेश है। उन्होंने भगत परिवार के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।

शिविर संचालन और रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी डीएसएम ब्लड बैंक की मेडिकल टीम ने संभाली, जिसने पूरे कार्यक्रम में व्यवस्थित रूप से रक्त संग्रह किया।
सामाजिक सरोकारों में लगातार सक्रिय रहने वाले बाबूलाल भगत पहले भी कई सेवाभावी कार्य कर चुके हैं। टेलरिंग पेशे से जुड़े बाबूलाल गरीब विद्यार्थियों और जरूरतमंदों के लिए निशुल्क सिलाई सेवा उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने अपनी बेटी के विवाह पर बिंदोरी निकालकर बेटा-बेटी समानता का संदेश भी दिया था।





