बुहाना: थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। ढाकामांडी गांव में सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात पार कर दिए। घटना 25 फरवरी की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ढाकामांडी निवासी कमला देवी ने रिपोर्ट में बताया कि उनके पति हुकमीचंद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में कार्यरत हैं तथा बेटा नगेश कुमार भारतीय वायुसेना में सेवा दे रहा है। दोनों ड्यूटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जिससे वह घर में अकेली रहती थीं।
22 फरवरी को कमला देवी खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया और पीछे की दीवार फांदकर भीतर प्रवेश किया।
चोरों ने पहले मकान के पीछे की दीवार पार की, फिर मुख्य द्वार का कुंदा तोड़ दिया। इसके बाद अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 2 लाख 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद हुई हैं। कमला देवी ने बेटे नगेश कुमार के साथ बुहाना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच एएसआई हेमराज को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।





