बुहाना: क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का एक्शन सामने आया है। बुधवार देर शाम की गई कार्रवाई में बुहाना थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो युवकों को पकड़कर भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की।
मुखबिर से मिली सूचना पर गादली की रोही इलाके की घेराबंदी की गई, जहां दो युवक मोटरसाइकिल पर अवैध देशी शराब ले जाते हुए नजर आए।
थानाधिकारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में ठोठी गांव निवासी विकाश पुत्र प्रताप सिंह (उम्र 30) और संदीप पुत्र बहादुर सिंह (उम्र 22) को मौके पर दबोच लिया गया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 96 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही तस्करी में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली।
कार्रवाई में बिमला बुडानिया के साथ हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल सोमवीर, आरटी राकेश कुमार और चालक धर्मवीर भी शामिल थे। टीम ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई पूरी करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाया, जहां केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।





