पिलानी, 20 सितंबर: उत्तर पश्चिम रेलवे जल्द ही यात्रियों को तेज और आधुनिक रेलयात्रा का नया अनुभव देने जा रहा है। बीकानेर से दिल्ली कैंट के बीच 25 सितंबर से वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इसका विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन (शुक्रवार को छोड़कर) चलाई जाएगी।
25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांसवाड़ा में इस ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केवल बीकानेर से दिल्ली कैंट ही नहीं बल्कि जोधपुर से दिल्ली और उदयपुर से चंडीगढ़ के बीच भी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई जाएगी। बीकानेर से दिल्ली कैंट के बीच वंदे भारत का संचालन न केवल यात्रियों को तेज और सुरक्षित यात्रा का विकल्प देगा, बल्कि पर्यटन, व्यवसाय और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर खोलेगा। ट्रेन का शेड्यूल इस तरह तय किया गया है कि यात्री एक ही दिन में दिल्ली जाकर वापस लौट सकें।
विधायक काला ने की थी लोहारू स्टेशन पर स्टॉपेज की मांग
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी ट्रेन के विस्तृत शेड्यूल के अनुसार बीकानेर से दिल्ली कैंट के लिए चलने वाली वन्दे भारत ट्रेन (26471-26472) का अब लोहारू रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। शुक्रवार को छोड़ कर वन्दे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन लोहारू स्टेशन पर रुकेगी। पिलानी विधायक पितराम सिंह काला ने इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और झुंझुनू सांसद बिजेंद्र सिंह ओला का आभार व्यक्त किया है।
भारत सरकार के रेल मंत्रालय से ट्रेन के लोहारू स्टेशन पर ठहराव के प्रस्ताव का अनुमोदन मिलने के बाद रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर नीलम ने इस आशय का आदेश जारी कर दिया है। आपको बता दें कि विधायक पितराम सिंह काला ने क्षेत्र के लोगों की मांग पर इस ट्रेन के लोहारू में ठहराव के लिए रेल मंत्री और झुंझुनू सांसद को पत्र लिखा था।
बीकानेर-दिल्ली के अलावा 7 स्टेशन पर होगा ठहराव
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी ट्रेन के शेड्यूल के अनुसार वन्दे भारत (26471) ट्रेन बीकानेर से सुबह 05:40 बजे रवाना होकर 09:18 बजे लोहारू पहुंचेगी जहां 2 मिनिट ठहराव के बाद 09:20 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 11:55 बजे दिल्ली कैंट पहुंच जाएगी। वापसी में वन्दे भारत (26472) ट्रेन दिल्ली कैंट से शाम 16:45 बजे रवाना होकर 19:00 बजे लोहारू और रात 23:05 बजे बीकानेर पहुंचेगी। बीकानेर से दिल्ली कैंट के बीच लोहारू के अलावा रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी और गुरूग्राम में भी इस ट्रेन का ठहराव रहेगा।







