दरभंगा, बिहार: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। यह वारदात दरभंगा स्थित उनके घर में हुई है, जहां उनका शव क्षत-विक्षत हालत में पाया गया। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन बिहार पुलिस ने इस गंभीर घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने घटना की पुष्टि की और बताया कि दरभंगा के सुपौल बाजार के अफजला पंचायत में पूर्व मंत्री मुकेश सहनी का घर है, जहां उनके पिता की हत्या की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जीतन सहनी पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी और बिरौल थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्रथम दृष्टया: हत्या का मामला
एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया, “प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है। मृतक जीतन सहनी अपने घर में सो रहे थे, उसी दौरान चोरी की नीयत से घर में घुसे अपराधियों ने विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मौके पर घर का समान बिखरा हुआ मिला है।”
हत्या की वजह: चोरी या रंजिश?
अब तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घर में सामान बिखरा हुआ मिलने से चोरी की आशंका जताई जा रही है। लेकिन जिस बेरहमी से जीतन सहनी की हत्या की गई है, उससे रंजिश की आशंका भी दिखाई दे रही है। सवाल उठता है कि अगर यह केवल चोरी का मामला होता तो इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की जाती? शव की स्थिति को देखते हुए दुश्मनी का कारण भी हो सकता है।
परिवार के सदस्य
मुकेश सहनी के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। मुकेश सहनी और उनके भाई संतोष सहनी बाहर रहते हैं, जबकि उनकी बहन की शादी हो चुकी है और वह मुंबई में रहती हैं। घटना के वक्त जीतन सहनी घर में अकेले थे। मुकेश सहनी भी मुंबई से दरभंगा के लिए रवाना हो चुके हैं।
कौन हैं मुकेश सहनी?
मुकेश सहनी बिहार की राजनीति में तेजी से उभरे नेता हैं। वह विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष हैं। 2020 के चुनाव के बाद नीतीश कुमार की सरकार बनने पर उन्हें पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग का मंत्री बनाया गया था। हालांकि, बाद में बीजेपी से मतभेद के बाद वह एनडीए से अलग हो गए थे। वह बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। निषाद समाज से आने वाले मुकेश सहनी खुद को ‘सन ऑफ मल्लाह’ कहते हैं। राज्य में मल्लाह (निषाद) समाज लगभग 12 फीसदी है।