बिसाऊ: थाना क्षेत्र में अवैध हरी लकड़ी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। 31 दिसंबर 2025 की रात ग्राम टांई के पास पुलिस ने हरी लकड़ियों से भरी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया, जो तिरपाल से ढकी हुई थी। कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया।
बिसाऊ थाना पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। रात्रिकालीन गश्त के दौरान ग्राम टांई के पास संदिग्ध रूप से तिरपाल से ढकी पिकअप को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में हरी लकड़ियां भरी हुई पाई गईं।
पुलिस द्वारा वाहन चालक से लकड़ियों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पिकअप गाड़ी को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी झुन्झुनूं को सूचना देकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अवगत कराया गया।
इस पूरी कार्रवाई में बिसाऊ थाना प्रभारी शेरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित और सतर्कता से काम किया। टीम में स्वर्ण कुमार और आरती की भूमिका भी उल्लेखनीय रही, जिनकी सतर्क निगरानी के चलते अवैध रूप से परिवहन की जा रही हरी लकड़ी को पकड़ा जा सका।





