चिड़ावा: बामनवास में पूर्व सैनिक उदयवीर सिंह की हत्या के विरोध में चिड़ावा में पूर्व सैनिकों द्वारा प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। पूर्व सैनिकों द्वारा आरोपी को शीघ्र फांसी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।
घटना 29 मार्च की है जिसमें उदयवीर सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र के सैनिक संगठन आक्रोशित हैं।
आक्रोशित पूर्व सैनिकों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम व सैनिक कल्याण मंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन चिड़ावा उपखंड कार्यालय में तहसीलदार रामकुमार पूनिया को दिया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए और फास्ट ट्रैक अदालत में सुनवाई कर फांसी की सजा सुनिश्चित की जाए।
पूर्व सैनिकों ने यह भी मांग रखी कि मृतक उदयवीर सिंह परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था, इसलिए उसके आश्रित को सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। साथ ही आरोपी के परिवारों द्वारा सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माणों को तत्काल ध्वस्त करने की भी मांग उठाई गई।
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान शीशराम डांगी, रामनिवास थाकन, कुलदीप मान, हरलाल डांगी, ब्रह्मानंद रोहिल्ला, सुरेंद्र महला, जगदीप स्वामी, अमर सिंह खींची, समुंदर सिंह डांगी, महावीर ढाका, बीआर पूनिया, प्रेम सिंह धायल, मेघराज लामोरिया, शिवलाल लामोरिया, जितेंद्र लामोरिया, गूगनराम, शेर सिंह राजपूत, बुधराम, गुलाब सिंह, तेजपाल, विजय सिंह, रणवीर, मनोज लामोरिया, नरेंद्र सिंह लामोरिया, राजवीर सिंह लामोरिया और गुलजारीलाल लामोरिया सहित कई पूर्व सैनिक और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व सैनिक संगठनों ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे राज्यभर में आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।





