बगड़, 1 जुलाई 2024: बगड़ थाना क्षेत्र के अशोक नगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला और उसके 8 वर्षीय बेटे के शव कुएं में मिले। मृतका के भाई ने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
मृतका ममता सैनी की दूसरी शादी 14 जून 2022 को सुरेन्द्र कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ममता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार रात को भी इसी विवाद को लेकर मारपीट हुई और आरोप है कि इसके बाद ममता और उसके बेटे लक्ष्य को कुएं में धकेल दिया गया। बेटा लक्ष्य ममता के पहले पति कि सन्तान था।
सोमवार सुबह ममता के पति ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कुएं से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मृतका के भाई कपिल सैनी ने पति सुरेन्द्र, सास और ससुर पर हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। दहेज हत्या का यह मामला एक बार फिर सामाजिक बुराइयों पर सवाल उठाता है।