नांदेड़, महाराष्ट्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए नांदेड़ में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्षी महाविकास अघाड़ी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार बनती है, वह राज्य कांग्रेस के “शाही परिवार” का एटीएम बन जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा और महायुति के पक्ष में एक लहर चल रही है। उन्होंने मराठी में जनता से कहा, “भाजपा- महायुति आहे, तर गती आहे। महाराष्ट्राची प्रगती आहे।” पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज पूरा देश विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और इस दिशा में भाजपा और उसके सहयोगी दल ही गंभीरता से काम कर रहे हैं। यही कारण है कि देश की जनता बार-बार भाजपा और एनडीए सरकारों को चुन रही है।
डबल ड्यूटी कर रहा हूं: प्रधानमंत्री मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि इस बार NDA को लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर मिला है, लेकिन नांदेड़ का प्रतिनिधित्व दिल्ली में नहीं था। उन्होंने कहा, “आज मैं यहां डबल ड्यूटी कर रहा हूं – एक तो मोदी के लिए समर्थन मांग रहा हूं और दूसरा महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद मांग रहा हूं।”
हरियाणा चुनाव का उदाहरण देते हुए जनता से किया समर्थन का आह्वान
पीएम मोदी ने हाल ही में हुए हरियाणा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि अब महाराष्ट्र की जनता भी वही इतिहास दोहराने जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले दो दिनों से महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में गया हूं और देखा है कि लोगों में विधानसभा चुनाव में महायुति को समर्थन देकर इस कमी को पूरा करने की भावना है।” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को विकसित करने के लिए महायुति की सरकार जरूरी है।
किसानों की समस्याओं के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र ने कांग्रेस के पापों और उनके शासनकाल की चुनौतियों को लंबे समय तक झेला है। खासकर मराठवाड़ा के किसानों की समस्याओं के लिए कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सोयाबीन किसानों को संकट से उबारने के लिए भाजपा सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। पिछले ढाई वर्षों में मराठवाड़ा क्षेत्र में 80 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिससे हजारों नए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर इस क्षेत्र को नई पहचान देने में सहायक साबित हो रहा है। पिछले दस वर्षों में उनकी सरकार की योजनाओं के केंद्र में महिलाओं का सशक्तिकरण रहा है, जिससे प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान, जल एवं बिजली कनेक्शन जैसे प्रयासों के माध्यम से घर की महिला सदस्यों को सुविधा प्राप्त हो रही है।
कांग्रेस पर संविधान से छेड़छाड़ का आरोप
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान के नाम पर कांग्रेस पार्टी ने अपना एक अलग “लाल किताब” छपवाया है, जिसमें संविधान की मूल बातें गायब हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी सोच है कि देश के संविधान को हटा कर अपना अलग संविधान चलाना चाहती है। पीएम मोदी ने बताया कि आजादी के बाद कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान से पहला विश्वासघात कश्मीर में किया था। देश ने संविधान को स्वीकारा लेकिन कांग्रेस ने आर्टिकल 370 के माध्यम से कश्मीर में अलग विधान लागू किया।
कांग्रेस का अनुच्छेद 370 से प्रेम
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर अनुच्छेद 370 के प्रति विशेष लगाव का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में तिरंगे की जगह अलग झंडा फहराया और वहां के दलितों को अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ये बर्दाश्त नहीं हो रहा कि पिछले दस वर्षों से देश का नेतृत्व एक ओबीसी प्रधानमंत्री कर रहा है, जो सभी को साथ लेकर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओबीसी की पहचान खत्म करके लोगों को जातियों में बांटने का षड्यंत्र कर रही है।