चिड़ावा, 16 जून 2025: अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके लेखक, पत्रकार, चिंतक और सामाजिक कार्यकर्ता शंभू पंवार को ‘पेन ऑफ कॉन्शियस अवॉर्ड 2025’ के लिए गठित राष्ट्रीय पुरस्कार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह जानकारी ‘दि जमहारा वर्ल्ड न्यूज’ (अंग्रेजी) और ‘सच संदेश’ (हिंदी) के प्रधान संपादक जितेंद्र सिंह ने साझा की।

उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार उन विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है, जो नैतिक पत्रकारिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और साहित्यिक दृष्टि से साहसिक कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभा चुके हैं। चयन समिति का नेतृत्व करते हुए शंभू पंवार देशभर से उन लेखकों, पत्रकारों, कवियों और साहित्यसेवियों का चयन करेंगे, जिन्होंने समाज और राष्ट्रहित में सृजनात्मक योगदान दिया है।
चार दशकों से लेखन, पत्रकारिता और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में सक्रिय शंभू पंवार के कार्यों को देश-विदेश में सराहा गया है। उनकी सटीक, संवेदनशील और विवेकपूर्ण अभिव्यक्ति ने समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक किया है। इन्हीं विशेषताओं को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शंभू पंवार की इस नियुक्ति पर अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तित्वों ने हर्ष जताया है। इनमें ‘धरा धाम इंटरनेशनल’ के प्रमुख और मानद कुलपति सौरभ पाण्डेय, अंतरराष्ट्रीय हिंदी समिति अमेरिका के अध्यक्ष इंद्रजीत शर्मा, गीतांजलि हिंदी काव्य प्रसार मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष और समाजसेवी गीतांजलि नीरज अरोड़ा, सीबीआई के पूर्व अधिकारी डी पी शर्मा, आकाशवाणी दिल्ली के सहायक निदेशक रामावतार बैरवा, वरिष्ठ साहित्यकार सविता चड्ढा, समीक्षक ऋषि कुमार शर्मा, अखिल भारतीय सर्व भाषा संस्कृति समन्वय के वैश्विक अध्यक्ष सुरेश नीरव, शिक्षाविद् और पाठ्यक्रम लेखिका निशा अग्रवाल, वात्सल्य संस्था की प्रमुख कविता मल्होत्रा, साहित्यकार पंकज कुमार बसंत, और ‘विंदेश्वरी उड़ान सपनों की’ संस्थापक सुषमा गर्ग प्रमुख हैं।

इन सभी ने पंवार को इस नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दी हैं और आशा जताई है कि उनके नेतृत्व में यह पुरस्कार भारत के वैचारिक और साहित्यिक क्षेत्र में नया मील का पत्थर साबित होगा। पुरस्कार वितरण समारोह आगामी महीनों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से चयनित विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।