झुंझुनू:
लोकसभा चुनाव में वोटों के लिए नेताओं की भाषा दिनों दिन तल्ख होती जा रही है। ताजा मामला झुंझुनू की पूर्व भाजपा सांसद संतोष अहलावत से जुड़ा है। अहलावत ने लोकसभा चुनाव में वोटों के लिए मंच से क्षेत्र के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को तीखी चुनौती दे डाली है। अहलावत ने कहा, “मोदी को वोट न देने वाले आदमी को कोई अधिकार नहीं कि सूरजगढ़ विधानसभा के किसी दफ्तर में बैठकर नौकरी करे।”
उन्होंने कहा, “मेरे कार्यकर्ता को, मेरे वोटर को या मेरे शुभचिंतक को कोई माई का लाल किसी दफ्तर में बैठकर सता नहीं पाएगा, मेरा कमिटमेंट है आपसे।”
शनिवार को अटल जनसंपर्क कार्यालय, टैगोर सूरजगढ़ में लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी शुभकरण चौधरी के समर्थन में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में संतोष अहलावत ने यह बात मंच से अपने भाषण के दौरान कही। पूर्व सांसद का यह विवादित बयान अब सोशल मीडिया पर जम कर सुर्खियां बटोर रहा है और चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए गले की फांस बन गया है।
वीडियो पर सफाई भी सामने आई
विवाद बढ़ता देख पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने अपने इस बयान पर बाद में सफाई भी दी है। उन्होंने इसे फर्जी बताते हुए शरारती तत्वों द्वारा एडिट किया गया बताया है। सोमवार को पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने इस वीडियो के बारे में कहा, “लोग यूं ही हर किसी बात को उठा लेते हैं। मोदीजी गरीब को गणेश मानकर काम कर रहे हैं। देश का वोटर मोदीजी के साथ है।”
अहलावत ने जोड़ा, “जब मोदी खुद गरीब के लिए काम कर रहे हैं तो अधिकारियों को भी करना होगा। सबको मोदी की तरह काम करना होगा।”
संतोष अहलावत भाजपा की सीनियर लीडर हैं। वे 16वीं लोकसभा में झुंझुनू लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद रहीं थीं। इससे पहले वे सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2013 में विधायक चुनी गई थीं और साल 2000 में पंचायत समिति की प्रधान भी रह चुकी हैं।
पहले भी सामने आया था विवादित वीडियो
विधानसभा चुनाव 2023 में संतोष अहलावत सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी थीं। चुनाव में कांग्रेस के श्रवण कुमार के सामने उन्हें 37,414 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। विधानसभा चुनाव के दौरान भी पूर्व सांसद संतोष अहलावत का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वे विधानसभा क्षेत्र के बलौदा में ग्रामीणों को धमकाती नजर आ रही हैं।
विधायक श्रवण कुमार ने भी की बयान की निन्दा
बीजेपी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद के विवादित बयान की कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार ने भी निन्दा की है। श्रवण कुमार ने कहा कि, “बयान निन्दनीय है। लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और सभी को अपनी मर्जी से वोट देने का अधिकार है। इस तरह का बयान स्वीकार नहीं किया जा सकता। जवाब जनता स्वयं देगी।”





