पिलानी: थाना क्षेत्र में दिनांक 22 जनवरी, 2026 को एक बंद मकान से करीबन 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगद रूपये चोरी होने की घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही नकबजनों राकेश और विशाल को गिरफ्तार कर लिया। वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना पिलानी के टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
परिवादी सुभाष आलडिया, निवासी लक्ष्मी कॉलोनी, वार्ड नंबर 26 पिलानी, ने पुलिस को बताया कि वह राजगढ़ विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। नोकरी और परिवार की अनुपस्थिति में उनके मकान के ताले टूटे पाए गए और जेवरात व नगद चोरी हो गए। इस पर पिलानी पुलिस ने अभियोग संख्या 21/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज और संदिग्धों की पहचान करके गहन पूछताछ की। पूछताछ में राकेश, पुत्र हवासिंह, उम्र 22 साल, निवासी लक्ष्मी कॉलोनी पिलानी और विशाल, पुत्र किशन, उम्र 20 साल, निवासी समसावास, जिला भिवानी हरियाणा ने नकबजनी की घटना स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम के नेतृत्व में कमल सिंह और सुभाष लाम्बा ने कार्यवाही की। अंकित कुमार, दयाराम, पंकज, ओमप्रकाश, हरेन्द्र, राजेश कुमार, अजीत सिंह और गणेश सिंह ने भी घटनास्थल पर पुलिस कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





