पिलानी: कस्बे में रात्रि के समय घर में घुसकर 60 वर्षीय वृद्ध महिला को डरा धमकाकर दुष्कर्म करने व लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने दुष्कर्म व लूटपाट के आरोपी को घटना के 48 घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि आरोपी ने रात्रि के समय उसके घर में घुसकर चाकू की नोक पर डरा धमकाकर परिवादीया के कपडे फाड दिये तथा परिवादीया के साथ बलात्कार किया तथा जाते समय गहने उतार कर ले गया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी मुकेश उर्फ सूंडिया के खिलाफ अपराध साबित पाया गया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी हेतु सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी और वारदात के 48 घंटे बाद ही आरोपी मुकेश उर्फ सूंडिया पुत्र रणजीत बणजारा, उम्र 22 साल, निवासी वार्ड न. 3, हरिनगर काॅलोनी, कस्बा पिलानी, जिला झुन्झुनू को दबोच लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुष्कर्म व लूटपाट की इस वारदात में गिरफ्तार मुकेश उर्फ सूंडिया का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आरोपी के विरुद्ध 3 अन्य आपराधिक प्रकरण भी विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को शीघ्र ही न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।





