पिलानी, 23 जून: भारतीय जनता पार्टी पिलानी मंडल की ओर से आज मुख्य बाजार क्षेत्र में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मंडल अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह शेखावत के निर्देशन में किया गया। संयोजन की जिम्मेदारी निशांत पापटान ने निभाई, जिन्होंने सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि के रूप में नगर निकाय जिला संयोजक मुरली मनोहर शर्मा, भाजपा जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सोनी और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज मान सिंह श्योराण ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राजनीतिक जीवन, राष्ट्रवाद और बलिदान पर विचार रखते हुए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में 25 जून 1975 की रात देश में लागू किए गए आपातकाल की आलोचना की गई और इसे भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताया गया। वक्ताओं ने इस दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों को याद किया। आपातकाल के दौरान जेल में बंद रहे पिलानी के कार्यकर्ताओं में स्वर्गीय मातूराम सैनी, स्वर्गीय बजरंग वर्मा और दिलीप सिंह शेखावत के योगदान और संघर्ष पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र राठौर, मंडल महामंत्री ओमप्रकाश सैनी, ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष जीतू सैन, मुन्ना राजोरिया और विसम्बर सैनी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने डॉ. मुखर्जी के सपनों का भारत बनाने का संकल्प भी दोहराया।