प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय पिलानी सेवा केंद्र पर आज जल दिवस का आयोजन किया गया। जल दिवस पर वार्ड नंबर 25 में संस्था द्वारा लगवाए गए वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. हरिसिंह सांखला, रमाकांत जखोडिया, अरुण भोमिया, एएसआई होशियार सिंह तथा पिलानी थाने का स्टाफ विशेष रूप से आमंत्रित थे।

ब्रह्माकुमारी पिलानी सेवा केंद्र प्रभारी स्वाती दीदी ने इस अवसर पर पानी का महत्व बताते हुए महिलाओं से आग्रह किया कि पानी को घी के सामान प्रयोग करें और पानी का हमेशा सम्मान करें। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर मात्र 2.7% जल पीने योग्य है। ऐसे में सभी को जिम्मेदार नागरिक के रूप में पानी की बर्बादी को रोकना चाहिए।
डॉ हरि सिंह सांखला ने जल का महत्व बताते हुए इसके संरक्षण की बात कही। एएसआई होशियार सिंह ने ब्रह्मा कुमारी संस्था के कार्यों की प्रशंषा करते हुए कहा कि जल बचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में शामिल हुए वार्डवासियों तथा ब्रह्मा कुमारी संस्था के सदस्यों ने जल संरक्षण के नारों का उद्घोष किया तथा सभी ने जल को बचाने की शपथ भी ली। बाद में अतिथियों ने वाटर कूलर का फीता काटकर और नारियल फोड़ कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वंभर कटारिया, डालूराम सैनी, विजय कुमार, राजेश, नाथू सिंह, नवीन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




