पिलानी: केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के ढांचे में किए गए अहम बदलावों को लेकर पिलानी में शनिवार, 4 अक्टूबर को ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे गुलाबराय स्मृति भवन में होगा। सम्मेलन के मुख्य वक्ता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश दहिया करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा नगर मण्डल की एक विशेष बैठक बुधवार को आयोजित हुई, जिसमें सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा ज्यादा से ज्यादा व्यापारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में मंडल अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह शेखावत, कोषाध्यक्ष मनोज डाबड़ीवाल, महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राठौड़, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेन्द्र सिंह शेखावत, मुरली मनोहर शर्मा, ओमप्रकाश सैनी और लक्ष्मीकांत शर्मा उपस्थित रहे।
नगर मण्डल अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह शेखावत ने बताया कि सम्मेलन में जीएसटी के नए प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी और व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा। यह सम्मेलन छोटे व मझोले कारोबारियों को जीएसटी के नवीनतम सुधारों की स्पष्ट समझ भी प्रदान करेगा।





