पिलानी: कस्बे में भारतीय डाक विभाग द्वारा स्थापित नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस का विधिवत उद्घाटन 07 जनवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे किया जाएगा। इस अत्याधुनिक पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन सुशील कुमार, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, राजस्थान परिमंडल, जयपुर द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में वी. रामगोपाल राव, वाइस चांसलर, BITS पिलानी सहित डाक विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
यह नया पोस्ट ऑफिस भारतीय डाक विभाग की जन-सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस में उन्नत डिजिटल सुविधाएं, स्वचालित काउंटर प्रणाली, तेज और पारदर्शी सेवा व्यवस्था, आधुनिक इंटीरियर तथा ग्राहक-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
एक ही स्थान पर मिलेंगी अनेक सेवाएं
इस आधुनिक डाकघर में डाक, पार्सल, स्पीड पोस्ट, बचत योजनाएं, बीमा सेवाएं सहित अन्य डाक संबंधी सेवाएं पहले से अधिक प्रभावी और सुगम रूप से उपलब्ध होंगी। इससे पिलानी क्षेत्र के नागरिकों को समयबद्ध, सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं मिल सकेंगी।
नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस की परिकल्पना “डाक आपके द्वार” की भावना को साकार करने के उद्देश्य से की गई है, जिससे आम नागरिकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से उच्च गुणवत्ता की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। यह पहल डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
नया पोस्ट ऑफिस पिलानी के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा तथा डाक विभाग को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।




