पिलानी, 20 मार्च 2025: पिलानी में बुधवार शाम हिंदूवादी संगठनों द्वारा आयोजित आक्रोश रैली के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। रैली के समापन पर मीडिया कर्मियों द्वारा रैली में शामिल प्रमुख लोगों की बाइट ली जा रही थी। इसी दौरान सवाल पूछे जाने पर रैली में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की गई।

आपको बता दें कि वाकया विद्या विहार नगरपालिका के सामने हुआ, जब आक्रोश रैली अपने अन्तिम चरण में थी। मीडियाकर्मी भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जय सिंह माठ से रैली के सन्दर्भ में सवाल कर रहे थे। इसी दौरान रैली में शामिल कुछ युवक मीडियाकर्मियों से उलझ गए। मामला इतना बिगड़ गया कि इन युवकों ने फर्स्ट इंडिया न्यूज रिपोर्टर और द इंक न्यूज प्रतिनिधि दीपक दहिया के साथ हाथापाई की कोशिश भी कर डाली। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य मीडिया समूहों के प्रतिनिधियों के बीच-बचाव करने से वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। यह भी पता चला है कि रैली में शामिल कुछ स्थानीय लोगों के भड़काने की वजह से इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद विभिन्न मीडिया समूहों के प्रतिनिधियों की एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें आक्रोश रैली के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की कड़ी निन्दा की गई। प्रेस क्लब पिलानी के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह शेखावत, महासचिव उत्पल शर्मा (राजस्थान पत्रिका), विपिन कुमार महमिया (दैनिक भास्कर डिजिटल), अशोक शर्मा (जी न्यूज), दीपक दहिया (फर्स्ट इंडिया न्यूज/द इंक न्यूज), अमित शर्मा (इंडिया टीवी/समाचार प्लस), सुशील इंदौरिया (दैनिक भास्कर), मनीष शर्मा (शेखावाटी टाइम्स न्यूज), निरंजन सैनी (देसी खबर झुंझुनू) बैठक में शामिल हुए।

मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि आक्रोश रैली में शामिल किसी भी संगठन की खबर पिलानी से तब तक प्रकाशित नहीं की जाएगी, जब तक इस प्रकरण के दोषियों के विरुद्ध वे अपने स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं करते। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों ने पुलिस व प्रशासन से भी इस तरह के आयोजनों में मीडिया कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। इस प्रकरण पर मीडिया प्रतिनिधि आगामी रणनीति बना रहे हैं व कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।