पिलानी: क्षेत्र के गांव लाडुन्दा में शुक्रवार को श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब स्वर्गीय भानाराम लोहमरोड की स्मृति में निर्मित प्रतिमा स्थल का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी रही और पूरे गांव में भावनात्मक माहौल बना रहा। सामाजिक योगदान और सादगी के लिए पहचाने जाने वाले भानाराम लोहमरोड को वक्ताओं ने एक प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व बताया।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्व. भानाराम लोहमरोड की प्रतिमा का विधिवत अनावरण पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम धार्मिक और सामाजिक परंपराओं के अनुरूप शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
स्व. भानाराम लोहमरोड की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके परिजनों द्वारा प्रतिमा स्थल का निर्माण कराया गया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्मरण और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक चेतना को जीवित रखने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. भानाराम लोहमरोड के जीवन मूल्यों और सामाजिक कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि भानाराम लोहमरोड सादगी, कर्मठता और समाजसेवा के प्रतीक थे, जिन्होंने हमेशा गांव और समाज के हित को प्राथमिकता दी।
इस अवसर पर निवर्तमान प्रधान प्रतिनिधि संदीप रायला, डॉक्टर नवीन ठोलिया, कमल दुदवा, सुभाष दूदी, सोमवीर छाब्बा, पवन कुमार कलिया, विजयपाल श्योराण, मनफुल धतरवाल, विजय सिंह शेखावत और मनोज कलिया कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके साथ ही देवीलाल कलिया, विजेंद्र श्योराण, सुनील कादयान पीपली, नवीन डारा पीपली, संदीप कादयान पीपली, रामफल छाब्बा और रविंद्र माठ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वातावरण पूरी तरह भावुक और श्रद्धामय बना रहा।





