पिलानी: क्षेत्र को बिजली की किल्लत से राहत देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा नेता राजेश दहिया द्वारा उठाई गई मांग पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आशाना जोहड़ में पांच करोड़ रुपये की लागत से नए पॉवर हाउस की स्थापना की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुधारने की दिशा में इसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
पिलानी को नई सौगात, बिजली समस्या राहत की ओर
पिलानी में लंबे समय से लगातार बिजली कटौती और वोल्टेज गिरावट की समस्या सामने आती रही है। नए पॉवर हाउस के माध्यम से उम्मीद की जा रही है कि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी आबादी तक बिजली आपूर्ति मजबूत होगी और ट्रिपिंग जैसी दिक्कतों में बड़ी कमी आएगी। राज्य सरकार द्वारा दी गई यह मंजूरी पिलानी उपखंड के विद्युत तंत्र को नई दिशा देगी।
दहिया के प्रयास लाए रंग, मंड्रेला दौरे से शुरू हुई थी प्रक्रिया
भाजपा नेता राजेश दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंड्रेला दौरे के दौरान सार्वजनिक मंच से पिलानी के लिए एक आधुनिक पॉवर स्टेशन की मांग रखी गई थी।
दहिया ने कहा कि कई वर्षों से रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और यह स्वीकृति उसी दिशा में एक और पड़ाव है।
सरकार बोली विकास रुकेगा नहीं, होगा तेज
दहिया ने कहा कि प्रदेश में दो वर्षों के भीतर भाजपा सरकार ने सुशासन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में नए आयाम स्थापित किए हैं। उनका कहना है कि पिलानी क्षेत्र को सड़क, बिजली और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में और परियोजनाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला आने वाले समय में और मजबूत रूप में जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री को धन्यवाद
भाजपा नेता दहिया ने पिलानी को पॉवर हाउस स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और ऊर्जा आपूर्ति मंत्री हीरालाल नागर का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और अब स्थानीय लोगों को निर्बाध बिजली की उम्मीद के साथ राहत मिल सकेगी।





