पिलानी, 11 फरवरी 2025: पिलानी की राजपुरा कॉलोनी में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां वार्ड नं 33 में गोविन्दपुरा रोड़ पर स्थित राजीव कुमार बिंवाल के घर से चोरों ने 20 लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। परिवार रिश्तेदारी में एक दशोठन में शामिल होने के लिए हरियाणा गया हुआ था। घटना सोमवार दिन में किसी समय हुई है, जिसका पता रात 11 बजे बाद परिवार के लोगों के वापस आने के बाद लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्मी जवान राजीव कुमार के घर चोरों नें दिन दहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आर्मी जवान राजीव कुमार बिंवाल आसाम में तैनात हैं। राजीव कुमार के भाई धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि रिश्तेदारी में एक समारोह में वे परिवार सहित रेवाड़ी के नजदीक गाँव गए हुए थे। परिवार सोमवार सुबह 9 बजे पिलानी से निकला था। घर का ध्यान रखने के लिए पड़ोसियों को घर की चाबी देकर गए थे। पड़ोसी जब शाम 6 बजे बाहर का ताला खोल कर घर में गए तो हॉल के गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे के दरवाजों का ताला भी टूटा मिला। जिसके बाद पड़ोसी ने इसकी सूचना घर के लोगों को दी। देर रात घर पहुँचे तो देखा कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ है और सामान भी बिखरा मिला।

धर्मेंद्र कुमार ने चोरी की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद देर रात पुलिस टीम वहां पहुंची और मौका मुआयना किया। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे थे। उसके बाद घर में आलमारी में रखा सोने का हार, कानों की बालियां तथा लगभग डेढ़ किलो चांदी के आभूषण सहित 40 हजार रुपए नगद पार कर दिए। कुल 20 लाख रुपए से अधिक का सामान चोरी हुआ है। चोरी की रिपोर्ट मंगलवार को दी गई है।
समाज सेवी रोहिताश्व रणवा ने कहा कि कस्बे और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही चोरी की वारदातों के चलते लोग खौफ़जदा हैं। पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग की गई है।




