पिलानी: पिलानी ब्लॉक के डुलानिया गांव में बीती रात एक अज्ञात जानवर ने भयंकर आतंक मचाया। लीखवा रोड़ पर बाड़े में बंद भेड़ों के रेवड़ पर हमला कर दिया, जिसमें 60 भेड़ों को मार डाला गया। पशुपालक सतपाल को इस घटना से 5 लाख रुपए से अधिक का बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
पशुपालक सतपाल ने बताया कि उनके रेवड़ में कुल 100 भेड़ें थीं। अज्ञात जानवर का यह हमला देर रात करीब 2 बजे हुआ, जब भेड़ें लीखवा रोड़ स्थित खालवाली जोहड़ी के पास बने बाड़े में बंद थीं।
पशुपालक सतपाल खुद बीती रात किसी विवाह समारोह में गए हुए थे। भेड़ों के बाड़े के पास रहने वाले पड़ौसी ने भेड़ों के चिल्लाने की आवाज सुनी, जिसके बाद उन्होंने मोबाइल पर सतपाल को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पशुपालक के परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
जब परिवार के लोग बाड़े पर पहुंचे तो वहां का मंजर खौफनाक था। रेवड़ की 100 भेड़ों में से 60 भेड़ें मृत मिलीं, जिनका शिकार अज्ञात जानवर ने किया था। इस घटना से पशुपालक सतपाल को 5 लाख रुपए से भी अधिक का नुकसान हुआ है। यह घटना गांव में दहशत का माहौल पैदा कर गई है, क्योंकि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह हमला किस जानवर ने किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सुबह ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने इस गंभीर घटना की सूचना तुरंत पिलानी विधायक पितराम सिंह काला को दी जिन्होंने पुलिस, वन विभाग और पटवारी को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और सहायक वनपाल कमलेश ने मौका मुआयना किया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मृत भेड़ों का पंचनामा करने, शिकारी जानवर की पहचान करने और पशुपालक को हुए भारी नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।





