चिड़ावा: क्षेत्र के खेतड़ी रोड स्थित एपीएस स्कूल के पीछे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर काम कर रहे मिस्त्री दौलतराम पुत्र मातुराम, उम्र 50 वर्ष, निवासी अडुका की मचान से गिरने के कारण मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान दीवार का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे दौलतराम का संतुलन बिगड़ गया। वह लोहे के घोड़ों पर बनी मचान से नीचे गिर गया। गिरते ही वह अचेत हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दौलतराम को निजी एंबुलेंस की सहायता से चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से एएसआई ओमप्रकाश नरूका, हेड कांस्टेबल अमित भाटिया और कांस्टेबल महेन्द्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

उप जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी हैं।




