मंड्रेला: नववर्ष 2026 की शुरुआत मंड्रेला क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। मंड्रेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने गुरुवार को 2000वीं नॉर्मल डिलीवरी सफलतापूर्वक पूरी कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया। खास बात यह रही कि यह उपलब्धि जुड़वा बच्चियों के सुरक्षित जन्म के साथ दर्ज हुई, जिसने सीएचसी मंड्रेला को ग्रामीण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में एक मजबूत उदाहरण के रूप में स्थापित कर दिया।
मंड्रेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार का दिन स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव का क्षण बन गया, जब यहां 2000वीं नॉर्मल डिलीवरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह डिलीवरी नया बास निवासी रूबी देवी पत्नी प्रमोद मेघवाल की थी, जिन्होंने सीएचसी मंड्रेला में दो स्वस्थ जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया। यह केंद्र में तीसरी बार जुड़वा बच्चों की सफल डिलीवरी दर्ज की गई, जिससे अस्पताल की प्रसूति सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता और मजबूत हुई।
इस उपलब्धि के बाद मंड्रेला सीएचसी परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर 2000 नॉर्मल डिलीवरी पूरी होने की खुशी साझा की और नववर्ष 2026 को यादगार बनाया। स्टाफ में इस बात को लेकर संतोष और गर्व स्पष्ट नजर आया कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लगातार बढ़ रही नॉर्मल डिलीवरी की संख्या यह दर्शाती है कि मंड्रेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिलाओं का भरोसा तेजी से बढ़ा है। सुरक्षित प्रसव व्यवस्था, अनुभवी डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सीएचसी को ग्रामीण क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत केंद्र बना रहा है। नववर्ष के पहले ही दिन मिली यह सफलता स्वास्थ्य केंद्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करती है।
सीएचसी प्रभारी अधिकारी अशोक नूनिया ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मंड्रेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा 2000 नॉर्मल डिलीवरी का आंकड़ा पार करना पूरे मेडिकल स्टाफ की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, और भविष्य में भी यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर केयरटेकर विनोद सिंघल और स्वास्थ्य मार्गदर्शक विजयलता दिवाच ने संयुक्त रूप से कहा कि मंड्रेला सीएचसी में लगातार बढ़ रही सफल डिलीवरी यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं संभव हैं। महिलाओं का बढ़ता भरोसा ही सीएचसी की सबसे बड़ी उपलब्धि है, और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सेवाएं आगे भी पूरी निष्ठा से जारी रहेंगी।





