नवलगढ़: कस्बे में गुरुवार सुबह नवलड़ी रोड स्थित एक आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव होने से इलाके में भगदड़ और दहशत फैल गई। अचानक फैली जहरीली गैस की गंध से स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन, पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमों ने तेजी से मोर्चा संभालकर इलाके को सुरक्षित किया।
अमोनिया गैस लीक की जानकारी मिलते ही उपखंड अधिकारी कुलदीप सिंह टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी फैक्ट्री परिसर के बाहर तैनात किए गए और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया। नवलड़ी रोड पर फैक्ट्री के दोनों ओर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया ताकि किसी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे और राहत कार्य में बाधा न आए।
दमकल विभाग की टीम ने अमोनिया के असर को न्यूनतम करने के लिए तेज पानी का छिड़काव शुरू किया। मेडिकल टीम ने आस-पास मौजूद लोगों को दूर हटाया और मौके पर एंबुलेंस तथा प्राथमिक उपचार व्यवस्था तैनात की गई। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि वे गैस के प्रभाव क्षेत्र में न जाएं और सावधानी बरतें।
उपखंड अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अमोनिया चैंबर टूटने से गैस रिसाव का कारण सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आइस फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि यह आइस फैक्ट्री केवल बर्फ निर्माण ही नहीं करती बल्कि दूध स्टोरेज का कार्य भी करती है। इससे खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी स्थल निरीक्षण की शुरुआत कर दी है ताकि बड़ी आपदा को टाला जा सके। स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए है।
पानी छिड़काव और गैस रिलीज कम होने के बाद स्थिति को नियंत्रण में घोषित किया गया है। प्रशासन ने कहा कि अगले कुछ घंटों तक मॉनिटरिंग जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर फैक्ट्री को अस्थायी रूप से बंद भी किया जा सकता है।





