नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भाजपा विधायक रवि नेगी ने नवरात्रि के दौरान मांस की दुकानों को बंद करने की मांग उठाई। पटपड़गंज से विधायक रवि नेगी ने कहा कि हिंदुओं की नवरात्रि में विशेष आस्था होती है और इस दौरान लोग शुद्धता और पवित्रता का पालन करते हैं।
उन्होंने कहा, “लोग मेरे पास आते हैं और चाहते हैं कि नवरात्र में मांस की दुकानें बंद रहें। मैं अपने क्षेत्र का चुना हुआ प्रतिनिधि हूं और मेरी जवाबदेही बनती है कि मैं जनता की भावनाओं का सम्मान करूं।” उन्होंने आगे कहा कि वे पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सामने स्थित मांस की दुकानों को पहले भी बंद करा चुके हैं और इस बार भी बंद कराने का पूरा प्रयास करेंगे।
पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं रवि नेगी
यह पहली बार नहीं है जब रवि नेगी ने इस तरह की मांग उठाई हो। इससे पहले भी वे अपने क्षेत्र में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों को बंद कराने को लेकर चर्चा में रहे हैं। इस बार उन्होंने मांग की है कि पूरे दिल्ली में नवरात्रि के दौरान मांस की दुकानों को बंद किया जाए।

उन्होंने रमजान को लेकर भी बयान दिया और कहा, “रमजान का महीना है, इसे मीठी ईद के रूप में मनाना चाहिए। लोग सेवइयां बांटते हैं, यह बकरीद नहीं है, जिसमें कुर्बानी दी जाती है।”
विधानसभा में उठे क्षेत्रीय मुद्दे
विधानसभा सत्र के दौरान कई विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं भी रखीं।
- जलभराव की समस्या: महरौली से भाजपा विधायक गजेंद्र सिंह यादव ने कुसुमपुर पहाड़ी, रजोकरी और बीएसएफ कैंप में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने समय पर नालों की सफाई और जलभराव की समस्या रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की।
- बिजली-पानी के बिल: करोल बाग से आम आदमी पार्टी के विधायक विशेष रवि ने अनाप-शनाप बिजली और पानी के बिलों की शिकायत उठाई और इस पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
- ग्रीन पटाखे की अनुमति: भाजपा विधायक जितेंद्र महाजन ने दिल्ली में ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति देने की मांग रखी।
- किसानों की अनदेखी: भाजपा विधायक गजेंद्र दराल ने आप सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया और कहा कि नई सरकार को भूमि अधिग्रहण और किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
महिलाओं को राशि नहीं मिली, विधायक ने उठाई आवाज
आप विधायक जुबेर अहमद ने सदन में कहा कि सरकार द्वारा घोषित 2500 रुपए की राशि अब तक महिलाओं को नहीं मिली है। उन्होंने सरकार से इस मामले पर दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
सीवर और जलापूर्ति की समस्या
- भाजपा विधायक प्रद्युम्न राजपूत ने सीवर की समस्या को सुलझाने की मांग रखी।
- विधायक अनिल कुमार शर्मा ने आरके पुरम में 22 झुग्गी बस्तियों में शौचालयों और पीने के पानी की अनुपलब्धता की समस्या पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक
भाजपा विधायक अजय महावर ने दिल्ली में आवारा कुत्तों और बंदरों के काटने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि टीकाकरण और नसबंदी जैसे प्रयासों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने इस दिशा में ठोस कार्रवाई की मांग की।
पार्कों की स्थिति पर चिंता
भाजपा विधायक संजय गोयल ने पीडब्ल्यूडी और एमसीडी द्वारा पार्कों की उचित देखरेख न होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि पार्कों में बंदर और कुत्ते घूमते रहते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। इसके अलावा, घने पेड़ों की समय पर छंटाई न होने की भी उन्होंने शिकायत की।




