झुंझुनूं: राजस्थान में स्वायत्त शासन विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अधिशाषी अधिकारी और राजस्व अधिकारियों का व्यापक तबादला आदेश जारी कर दिया है। झुंझुनूं जिले से जुड़े कई अधिकारियों को नई नगर पालिकाओं में पदस्थापित किया गया है। यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है, जिससे संबंधित निकायों में प्रशासनिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं।
राजस्थान स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर ने 20 नवंबर 2025 को जारी आदेश में बताया कि अधिशाषी अधिकारी-चतुर्थ एवं राजस्व अधिकारी द्वितीय सहित कुल 106 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। सभी अधिकारियों को तुरंत कार्यभार ग्रहण कर विभाग को पालना रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वायत्त शासन विभाग के आदेशानुसार झुंझुनूं जिले में रविन्द्र धनखड़ को अधिशाषी अधिकारी के रूप में नगरपालिका मुकुंदगढ़ भेजा गया है। इसी क्रम में सुरेन्द्र कुमार को नगरपालिका बुहाना में पदस्थापित किया गया। पिलानी क्षेत्र में सुनील कुमार सैनी को नगरपालिका विद्याविहार में अधिशाषी अधिकारी बनाया गया है, जबकि नवलगढ़ में दिनेश कुमार को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर परिषद् झुंझुनू में राजस्व अधिकारी के रूप में रूचिका बिजारणियां और चिरंजी लाल को नई जिम्मेदारी दी गई है, जिससे परिषद् के राजस्व कार्यों में और मजबूती आने की उम्मीद है। इसी परिषद् में अंगीश कुमावत को भी राजस्व अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
नेहा झाझडिया को नगरपालिका मलसीसर में अधिशाषी अधिकारी बनाया गया है, जबकि कमल मेघवाल को नगरपालिका मण्ड्रेला में पदस्थापित किया गया है। इन दोनों अधिकारियों से स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली में सुधार की संभावना जताई जा रही है।
स्वायत्त शासन विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी अपने नवपदस्थापित स्थानों पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करें और विभाग को पालना रिपोर्ट भेजें। साथ ही, आगामी वेतन भी अब इन्हीं नए निकायों से देय होगा। विभागीय निर्देशों के अनुसार यह आदेश सक्षम स्तर पर अनुमोदित किया गया है।





