नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां मौजूद कुलियों से मुलाकात की। उन्होंने कुलियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समाधान का आश्वासन दिया। यह दौरा 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की पृष्ठभूमि में हुआ, जिसमें 18 यात्रियों की जान चली गई थी। इस घटना के दौरान कुलियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई यात्रियों की जान बचाई थी।
भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत
15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 18 यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए थे। कुलियों ने इस आपात स्थिति में उल्लेखनीय साहस दिखाया और यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद की। इस घटना के बाद यह पहला मौका था जब राहुल गांधी स्टेशन पहुंचे और प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का जायजा लिया।

राहुल गांधी ने इस मौके पर सरकार से अपील की कि रेलवे स्टेशनों पर ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कुलियों ने दिखाई इंसानियत की मिसाल
राहुल गांधी ने शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कुलियों से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “अक्सर सबसे अंधेरे समय में ही इंसानियत की रोशनी सबसे तेज चमकती है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के दौरान कुली भाइयों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए कई यात्रियों की जान बचाई।”
उन्होंने आगे लिखा, “इसके लिए मैं आज देशवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त करता हूं। लेकिन ऐसी दुर्घटनाओं से सीख लेना भी जरूरी है। भीड़ नियंत्रण, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत करके इन्हें रोका जा सकता है। उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी ताकि हर वर्ग के यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें।”

कुलियों ने राहुल गांधी से अपनी रोज़मर्रा की समस्याओं को साझा किया और उम्मीद जताई कि वे उनके समाधान के लिए कदम उठाएंगे। उन्होंने कुलियों की मेहनत और योगदान को सराहा और उनके अधिकारों के संरक्षण की जरूरत बताई। राहुल गांधी करीब 40 मिनट तक स्टेशन पर रहे, इस दौरान उन्होंने कुलियों के अलावा यात्रियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
पहले भी कर चुके हैं मुलाकात
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी रेलवे स्टेशन पहुंचे और श्रमिकों से संवाद किया। इससे पहले सितंबर 2023 में उन्होंने आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कुलियों से मुलाकात की थी। वहीं, जुलाई 2023 में उन्होंने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लोको पायलटों से मुलाकात की थी और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया था।




