पिलानी: शेखावाटी की धर्मनगरी पिलानी के मुख्य बाजार स्थित प्राचीन श्री गोपीनाथ जी मंदिर में नव वर्ष 2026 का स्वागत बेहद आध्यात्मिक और भव्य तरीके से किया जाएगा। मंदिर संघ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘पौष बड़ा महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
भजन संध्या से होगी शुरुआत, महाआरती के साथ मिलेगा आशीर्वाद
कार्यक्रम की शुरुआत 31 दिसंबर की रात भव्य भजन संध्या से होगी, जहाँ स्थानीय कलाकार प्रभु के श्री चरणों में अपनी हाजिरी लगाएंगे। इसके पश्चात 1 जनवरी, 2026 को महोत्सव का मुख्य आयोजन होगा:
- संकीर्तन: प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
- महाआरती एवं भोग: दोपहर 12:00 बजे।

क्या है पौष बड़ा का धार्मिक महत्व?
श्री गोपीनाथजी मंदिर संघ के गोविन्द पाण्डे ने बताया कि हिंदू धर्म और विशेषकर राजस्थान की संस्कृति में पौष माह के दौरान ‘पौष बड़ा’ उत्सव का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कड़कड़ाती ठंड के इस महीने में ठाकुर जी को गर्म तासीर वाले व्यंजनों (मूंग दाल के बड़े और हलवा) का भोग लगाया जाता है। यह परंपरा न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देती है, जहाँ पूरा नगर एक साथ मिलकर प्रसादी ग्रहण करता है।
श्री गोपीनाथ जी मन्दिर संघ ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि इस पावन अवसर पर पधारकर अमृतमयी भजनों और प्रभु के आशीर्वाद रूपी प्रसाद का आनंद लें।





