नई दिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने वाला है। आज यानी मंगलवार को चुनाव आयोग दोपहर 2 बजे विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ही चरण में संपन्न हो सकते हैं।
एक चरण में होगा चुनाव
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव कराए जाएंगे। फरवरी के दूसरे सप्ताह में मतदान की संभावना जताई जा रही है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, 23 फरवरी से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी होनी आवश्यक है। यह संभावना है कि मतदान की तारीखों का ऐलान प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया जाएगा।

चुनाव परिणाम की संभावित तारीख
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम 17 फरवरी को घोषित किए जा सकते हैं। यह चुनाव मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की देखरेख में होने वाला आखिरी चुनाव हो सकता है। राजीव कुमार 18 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में उनके कार्यकाल के दौरान चुनाव संपन्न कराए जाने की संभावना है, ताकि उनके उत्तराधिकारी को बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए समय मिल सके।
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम
पिछले चुनावों में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। फरवरी 2020 में हुए इन चुनावों में AAP ने 62 सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सिर्फ 8 सीटें मिलीं। कांग्रेस पार्टी कोई भी सीट हासिल करने में विफल रही। भाजपा ने सत्ता में वापसी के लिए कड़ा प्रयास किया था, लेकिन 2015 के तीन सीटों से केवल आठ सीटों तक ही अपनी स्थिति सुधार पाई।