नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की थी। इस बहुप्रतीक्षित योजना का क्रियान्वयन 23 दिसंबर से शुरू हो गया है। इस योजना के तहत पात्र महिलाएं हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकेंगी। यदि आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की सरकार फिर से सत्ता में आती है, तो यह राशि बढ़ाकर 2100 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी।
महिलाओं के लिए राहतभरी योजना
मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की घोषणा के समय अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि योजना का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह सरल और महिलाओं के लिए सुविधाजनक होगी।
23 दिसंबर से शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन
इस योजना में महिलाओं को रजिस्ट्रेशन के लिए अब लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करेंगे। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिलाओं को एक कार्ड दिया जाएगा, जिसे वे अपने पास संभाल कर रखें। इसके बाद आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा, और योग्य महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
हमने हाल ही में दिल्ली के लोगों के लिए 2 बड़ी योजनाओं की घोषणा की थी। महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 22, 2024
कल से हमारी टीम घर-घर जाकर इन दोनों योजनाओं का रजिस्ट्रेशन करेगी। इसमें रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आपका दिल्ली का वोटर कार्ड होना बहुत ज़रूरी है। pic.twitter.com/DnzFFZJ300
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना का लाभ दिल्ली की 18 से 60 वर्ष की महिलाएं ले सकती हैं। लेकिन कुछ महिलाओं को इस योजना से बाहर रखा गया है। योजना का लाभ निम्नलिखित श्रेणियों की महिलाओं को नहीं मिलेगा:
- जो महिलाएं सरकारी नौकरी में हैं।
- जिन महिलाओं को पहले से पेंशन मिल रही है।
- जो महिलाएं आयकर रिटर्न (आईटीआर) फाइल करती हैं।
- जिनका खुद का व्यवसाय है।
- जो महिलाएं दिल्ली की निवासी नहीं हैं या जिनके पास दिल्ली का वोटर आईडी नहीं है।