पिलानी: प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बिरला बालिका विद्यापीठ ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान का नाम रोशन किया है। विद्यालय का 51 सदस्यीय बैंड दल देश की राजधानी नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में अपनी सशक्त मार्चिंग और संगीत प्रस्तुति देगा, जबकि दूसरा बैंड दल जयपुर में आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड में भाग लेकर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड के लिए बैंड दल का चयन राष्ट्रीय स्तर पर किया गया है, जो बिरला बालिका विद्यापीठ की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को दर्शाता है। छात्राओं ने लंबे समय तक अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास के माध्यम से इस उपलब्धि को हासिल किया है, जिससे विद्यालय का नाम देशभर में सम्मान के साथ लिया जा रहा है।
दिल्ली प्रस्थान से पूर्व विद्यालय परिसर में बैंड दल द्वारा मधुर संगीत प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से बिरला शिक्षण न्यास के निदेशक मेजर जनरल एस एस नायर का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं, प्रशिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए इसे न केवल संस्थान बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएं अपनी अनुशासित मार्चिंग और उत्कृष्ट संगीत से कर्तव्य पथ पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी तथा चॉकलेट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान बिरला शिक्षण न्यास के उपनिदेशक (वित्त) घनश्याम सिंह गौड़, उपनिदेशक (प्रशासनिक एवं विधि) अजय कुमार अग्रवाल, डॉ मनोज जांगिड़ और उपासना शर्मा भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने बैंड दल की सराहना करते हुए छात्राओं के सफल प्रदर्शन की कामना की और इसे विद्यालय की अनुशासित कार्यसंस्कृति का परिणाम बताया।

विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा ने जानकारी दी कि बिरला बालिका विद्यापीठ पिछले 67 वर्षों से निरंतर गणतंत्र दिवस परेड में अपनी प्रस्तुति देता आ रहा है। उन्होंने बताया कि यह बैंड दल केवल गणतंत्र दिवस परेड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रधानमंत्री रैली, मुख्यमंत्री कार्यक्रमों और विदेशी अतिथियों के समक्ष भी अपनी प्रस्तुतियां देगा, जो विद्यालय की राष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करता है।
प्राचार्या ने बताया कि कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में बैंड दल का नेतृत्व बैंड मास्टर सूबेदार राजकुमार, कैप्टन सविता शर्मा और सीनियर अंडर ऑफिसर सलोनी यादव करेंगे। वहीं, पहली बार जयपुर में आयोजित हो रही आर्मी डे परेड में विद्यालय का बैंड दल बैंड मास्टर सुधीर कुमार गौतम, दिव्या सिंह और आयुषी जैन के नेतृत्व में भाग लेकर नई उपलब्धि जोड़ेगा।
विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने छात्राओं के सफल, अनुशासित और गौरवपूर्ण प्रदर्शन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि पिलानी की बेटियां राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और अनुशासन से राजस्थान का गौरव बढ़ाएंगी।





