वायरल वीडियो: देश की राजधानी में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या एक गंभीर मुद्दा बनती जा रही है। आवारा सांड और अन्य जानवर रिहायशी इलाकों से लेकर बाजारों तक खुलेआम घूमते हैं, जो लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। हाल ही में आया नगर में एक आवारा सांड द्वारा एक महिला पर हमला किए जाने की घटना ने लोगों को चौंका दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके कारण लोग सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार की ओर सवाल उठाने लगे हैं।
महिला पर सांड का हमला, बालों में फंस गई सींग
यह घटना दिल्ली के आया नगर की है, जहां एक आवारा सांड ने अचानक एक महिला पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सांड ने महिला को उठाकर जमीन पर पटका और घसीटने लगा। इस हमले के दौरान सांड की सींग में महिला के बाल फंस गए, जिससे वह दर्द और दहशत में चीखने लगी। महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन सांड इतना उग्र था कि मदद करने वाले लोगों पर भी उसने हमला करने का प्रयास किया। आखिरकार, लाठी-डंडों की मदद से सांड को वहां से भगाया गया और महिला को उसकी पकड़ से छुड़ाया गया। इस घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया है।
सांड की वजह से घायल महिला का इलाज जारी
हमले में घायल महिला का इलाज कराया गया, और चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना ने दिल्ली में आवारा पशुओं की समस्या पर फिर से ध्यान केंद्रित कर दिया है, क्योंकि राजधानी में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर जनता की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोग गुस्से में हैं और दिल्ली सरकार की आलोचना कर रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “राजधानी दिल्ली में इस तरह की घटना खौफ पैदा करती है। यहां आवारा पशु हर जगह दिखते हैं, लेकिन उन्हें काबू करने के कोई प्रयास नहीं हो रहे।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “दिल्ली सरकार को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए, नहीं तो इससे आम लोगों की जान को खतरा बना रहेगा।” कुछ लोगों ने इसे शर्मनाक बताया और सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
वायरल वीडियो:
आंटी जी के हौंसले को सलाम , पकड़ के रखा 🔥 pic.twitter.com/74bfwDJGHv
— Gurpreet Garry Walia (@garrywalia_) November 6, 2024
एक अन्य यूजर ने महिला की हिम्मत की सराहना करते हुए लिखा, “आंटी की हिम्मत को सलाम है कि उन्होंने सांड को भी संभाले रखा, वरना उन्हें और चोट लग सकती थी।” एक यूजर ने कहा, “महिला शक्ति कमजोर नहीं होती है, बस कुछ लोगों ने ऐसा मान लिया है।” सोशल मीडिया पर लगातार यह सवाल उठ रहे हैं कि राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या का हल क्यों नहीं किया जा रहा।