ग्वालियर: आगामी नवंबर 2025 में थाईलैंड की धरती पर आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर बीते दिनों ग्वालियर में जोनाथन कप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राजस्थान के दो खिलाड़ियों हरिश कुमार (कोटपुतली) और अनिल कुमार (घरढाणा, झुंझुनूं) ने हिस्सा लिया।
हरिश कुमार ने दिखाया शानदार खेल, चयन के करीब
जोनाथन कप में हरिश कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। उनके बेहतरीन खेल की बदौलत वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन के करीब पहुंच चुके हैं। कोच होशियार सिंह (भोमपुरा) के नेतृत्व में वे लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए अभ्यास में जुटे हुए हैं।

अनिल कुमार चोट के कारण पीछे रहे
दूसरी ओर, झुंझुनूं के अनिल कुमार ने भी पूरी मेहनत और जोश के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया, लेकिन चोट लगने के कारण वे चयनित नहीं हो सके। हालांकि, उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और भविष्य में और बेहतर करने का संकल्प लिया।
कठिन संघर्ष के बावजूद बड़ी उपलब्धि
कोच हवासिंह ने बताया कि जोनाथन कप में देशभर से 26 क्वाड एथलीट्स ने हिस्सा लिया था। क्वाड एथलीट्स को शारीरिक रूप से सबसे ज्यादा कमजोर श्रेणी में रखा जाता है, इसलिए उनका इस स्तर तक पहुंचना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। राजस्थान व्हीलचेयर रग्बी के डायरेक्टर यू के पांडे ने कोच और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रेरित किया।

हरिश कुमार के इस सफलता के करीब पहुंचने से राजस्थान के खेल जगत में एक नई उम्मीद जगी है और उनके चयन की आधिकारिक घोषणा का सभी को बेसब्री से इंतजार है।