कर्नाटक: कर्नाटक के डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार अपने हालिया बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में मुस्लिम आरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने संविधान संशोधन की संभावना जताई, जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
डीके शिवकुमार ने क्या कहा?
कार्यक्रम के दौरान जब डीके शिवकुमार से पूछा गया कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण मान्य नहीं है, तो उन्होंने कहा, “हां, मैं सहमत हूं। देखते हैं कोर्ट क्या कहता है। हमने कुछ शुरुआत की है। मुझे पता है कि लोग कोर्ट जाएंगे। अच्छे दिन का इंतजार करते हैं, अच्छे दिन आएंगे। बहुत सारे बदलाव हैं। संविधान बदलेगा। ऐसे फैसले भी हैं जो संविधान को बदल देते हैं।”

उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे संविधान के साथ खिलवाड़ बताया।
भाजपा ने क्या कहा?
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने डीके शिवकुमार के बयान को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा,
“डीके शिवकुमार कोई साधारण नेता नहीं हैं, वे गांधी परिवार और राहुल गांधी के खास हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अगर मुसलमानों को आरक्षण देने के लिए संविधान बदलना पड़ा, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है।”
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर संविधान बदलने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा,
“नेहरू ने अपनी महत्वाकांक्षा के कारण देश को धर्म के आधार पर बांट दिया था। आज राहुल गांधी और गांधी परिवार भी यही करने की कोशिश कर रहे हैं। वे मुसलमानों को आरक्षण देकर देश का एक और बंटवारा चाहते हैं।”
#WATCH | On Karnataka Deputy CM DK Shivakumar's reported remarks on Constitution, BJP MP Sambit Patra says, "Congress' true face is revealed today. Their nature has been revealed today. DK Shivakumar is not an ordinary leader. He is close to Gandhi family, to Rahul Gandhi…Nehru… pic.twitter.com/bL95clhXGZ
— ANI (@ANI) March 24, 2025
संसद में भी मचा हंगामा
डीके शिवकुमार के बयान की गूंज संसद में भी सुनाई दी। भाजपा सांसद किरेन रिजिजू ने इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाया और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब संविधान को बदलने की बात कर रही है, जो बेहद गंभीर है।
इसके जवाब में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा,
“कांग्रेस संविधान को बचाने वाली पार्टी है। भाजपा संविधान को लेकर राजनीति कर रही है और जनता को गुमराह कर रही है।”
हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।

कांग्रेस ने दी सफाई
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि डीके शिवकुमार के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी संविधान का सम्मान करती है और हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए खड़ी रही है।
“हमारी पार्टी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को हमेशा आगे बढ़ाया है और आगे भी करती रहेगी। भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस के नेताओं के बयानों को गलत तरीके से पेश कर रही है।”