पिलानी: विधानसभा क्षेत्र के झेरली गांव को शिक्षा विकास की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। भाजपा नेता और पूर्व प्रत्याशी राजेश दहिया ने गुरुवार को राजकीय विद्यालय में नए कक्षा कक्ष निर्माण का शिलान्यास कर ग्रामीणों में उत्साह जगाया। ग्रामीणों का मानना है कि यह परियोजना बच्चों की पढ़ाई को नई दिशा देगी और सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को बेहतर बनाएगी।
भाजपा नेता और पिलानी के युवा चेहरा राजेश दहिया ने झेरली सरकारी विद्यालय में नए कक्षा कक्ष के निर्माण की नींव रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दहिया ने कहा कि डबल इंजन सरकार सरकारी स्कूलों को संसाधनों, भवन विस्तार और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में दहिया ने निर्माण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार योजनाएं शुरू कर रही है और भविष्य में ऐसे और विकास कार्य किए जाएंगे।

शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या सुशीला और मैना जांगिड के साथ शिक्षा जगत से जुड़े मुरलीमनोहर शर्मा भी मौजूद रहे। सामाजिक प्रतिनिधि के रूप में पूर्व सरपंच रोहिताश और सूबेदार मातु सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी क्रम में पुरषोत्तम भटैया, प्रथ्वी सिंह, भान सिंह, मंदरूप सिंह और अमर सिंह पायल ने भी कार्यक्रम को समर्थन दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उल्लासपूर्ण बना दिया और ग्रामीण परिवेश में उत्साह देखा गया।





