गुढ़ागौड़जी: थाना क्षेत्र के बड़ागांव कस्बे में बीती रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से दो सूने मकानों को निशाना बनाया। पिकअप गाड़ी से पहुंचे चार संदिग्ध युवक CCTV कैमरों में कैद हुए हैं। एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, जबकि दूसरे मकान में पड़ोसी के जागने से आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
घटना सूरत अतिथि भवन के पास स्थित बजरंग सिंह शेखावत और भवानी सिंह शेखावत के मकानों में हुई। बजरंग सिंह शेखावत पिछले लगभग आठ महीने से जयपुर में रह रहे हैं, जिसके चलते उनका मकान लंबे समय से सूना पड़ा था। चोरों ने पहले दोनों मकानों की रेकी की और फिर मुख्य गेट के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोर बजरंग सिंह शेखावत के मकान से पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर, पानी की मोटर सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की पूरी जानकारी मकान मालिकों के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इसी दौरान सामने स्थित भवानी सिंह शेखावत के मकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। रात करीब 2:35 बजे जितेंद्र सिंह शेखावत के जागने और शोर मचाने पर चोर वहां से भाग निकले, जिससे दूसरी वारदात विफल हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार चोर पिकअप वाहन से आए थे और चार संदिग्ध युवक CCTV फुटेज में नजर आए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
सूचना मिलने पर गुढ़ागौड़जी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।





